
खलारी पुलिस ने 13 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार।।
संवाददाता/राशीद अंसारी खलारी
खलारी। खलारी थाना पुलिस ने 13 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जॉन मिंज उर्फ बुधू, उम्र 30 वर्ष, निवासी खलारी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह घटना शनिवार 23 अगस्त 2025 को खलारी थाना क्षेत्र के खलारी पंचायत जी टाइप गाँव में हुई। पीड़िता की माँ ने खलारी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म हुआ है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए खलारी थाना कांड संख्या 59/25, धारा 64(2)(1)/65(1) और 4/6 पॉक्सो एक्ट के तहत जॉन मिंज उर्फ बुधू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर, पुलिस ने इस मामले की गहनता से जांच की। जांच के दौरान, पुलिस ने पाया कि पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घटना सही थी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जॉन मिंज उर्फ बुधू को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।







