A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेधनबाद

फाॅलोअप : कतरास खदान हादसा में NDRF ने तेज किया रेस्क्यू ऑपरेशन, एक ड्राइवर का शव बरामद

*धनबाद :* बीसीसीएल के कतरास क्षेत्र अंतर्गत एकेडब्ल्यसूएमसी यानी अंगारपथरा केशलपुर वेसट मोदीडीह कोलियारी में शुक्रवार को हुए हादसे के बाद एनडीआरएफ ने शनिवार सुबह बड़े पैमाने पर रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया।
इसी आपरेशन के दौरान आज सुबह 11:50 बजे एनडीआरएफ की टीम को बड़ी सफलता मिली, जब उन्होंने गहरे पानी से वैन के ड्राइवर ग्यासुद्दीन का शव बरामद कर लिया।
परियोजना में आउटसोर्सिंग पैच पर कार्यरत अंबे माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड की एक गाड़ी खदान के गहरे पानी में जा गिरी। इसके बाद से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक पांच मजदूरों के मारे जाने की खबर है।
उधर, हादसे के बाद शनिवार सुबह करीब 9 बजे रांची से पहुंची एनडीआरएफ की बटालियन ने रेस्क्यू अभियान की कमान संभाली। टीम का नेतृत्व कौशल कुमार कर रहे हैं, जबकि एनडीआरएफ कमांडेंट सुनील कुमार सिंह खुद ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
एनडीआरएफ कमांडेंट सुनील कुमार सिंह ने ‘न्यूज़ फास्ट’ को बताया कि पानी में गाड़ी का एक हिस्सा स्पष्ट दिखाई दे रहा है। साथ ही कुछ ऑब्जेक्ट भी नजर आए हैं, जिन्हें टीम संभावित शव मानकर रेस्क्यू कर रही है।
*एनडीआरएफ की टीम में शामिल हैं 30 लोग*
एनडीआरएफ की लगभग 30 सदस्यीय टीम अभियान में जुटी है। टीम के प्रशिक्षित डीप ड्राइवर खदान के गहरे पानी में उतरकर तलाशी अभियान चला रहे हैं।
इधर, बीसीसीएल की धनसार माइंस रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन पानी में उतरने की तकनीकी क्षमता नहीं होने के कारण वे आपरेशन में सहयोगी भूमिका निभा रहे हैं।
कमांडेंट सुनील कु़मार सिंह ने बताया कि खदान करीब 300 फीट गहरी है जिसमें उतरकर बेहतर ढंग से रेस्क्यू को अंजाम देने के लिए एनडीआरएफ की टीम पारंगत है।
टीम लगातार तलाशी में जुटी हुई है और स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय स्तर पर भी खलबली मची है और परियोजना क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
हादसे को लेकर धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा है कि मामले पर पूरी नजर बनाए हुए हैं। रेस्क्यू आपरेशन लगातार जारी रहेगा।
*तीन शवों की पहले ही हो चुकी है पहचान*
इस हादसे के बाद पुलिस ने पहले ही तीन शवों को बरामद करने का दावा किया था। अंगारपथरा ओपी प्रभारी के अनुसार, जिन शवों की पहचान हुई थी, उनमें अमन कुमार, स्वरूप गोप और अमित भगत शामिल थे। इन सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका है।
हादसे वाली सर्विस वैन को पहले ही पेलोडर मशीन और मुनीडीह से आए गोताखोरों की मदद से बाहर निकाल लिया गया था। हालांकि, उस समय ड्राइवर का शव नहीं मिल पाया था।

[yop_poll id="10"]
Show More
Back to top button
error: Content is protected !!