सिद्धार्थनगर में मुठभेड़, 25 हजार का इनामी बदमाश दबोचा
31 मुकदमों में वांछित सिराजुद्दीन उर्फ बबलू पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल, तमंचा व बाइक बरामद
सिद्धार्थनगर। एसओजी, मोहाना और लोटन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोमवार रात जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में धर दबोचा। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पकड़ा गया बदमाश सिराजुद्दीन उर्फ बबलू, निवासी बर्डपुर गोसाईगंज थाना मोहाना है। उसके खिलाफ सिद्धार्थनगर, बस्ती और महाराजगंज जिले के थानों में लूट, चोरी समेत 31 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसओजी और स्थानीय पुलिस की टीम को लगाया गया था। सोमवार देर रात सूचना मिली कि इनामी बदमाश लोटन कोतवाली क्षेत्र में आने वाला है। सूचना पर एसओ मोहाना रोहित कुमार उपाध्याय, एसओ लोटन दिनेश कुमार सरोज और एसओजी प्रभारी जीवन त्रिपाठी अपनी टीम के साथ सक्रिय हो गए।
लोटन-ठोठरी मार्ग पर महदेईया मोड़ के पास चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार को रोकने का इशारा किया गया, जिस पर उसने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। इसमें थानाध्यक्ष लोटन बाल-बाल बच गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। मौके से एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की गई।
गिरफ्तार बदमाश को इलाज के बाद न्यायालय रवाना कर दिया गया।






