

डीडवाना-कुचामन जिले में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को जिला कलक्टर डॉ.महेंद्र खड़गावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में जिला कलक्टर डॉ खड़गावत ने जिले में फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति एवं बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिशा- निर्देश दिए।
जिला कलक्टर डॉ खड़गावत ने बैठक में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, आदर्श सौर ग्राम, प्रधानमंत्री आवास योजना, सीएम स्वनिधि योजना, महिला बाल विकास विभाग की पूरक पोषाहार योजना, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की पीएम किसान सोलर पंप योजना सहित अन्य फ्लैगशिप योजनाओं कि विभागवार समीक्षा की और आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने सभी विभागों से जुड़ी बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा कर बजट घोषणाओं से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पंच गौरव कार्यक्रम के तहत जिले के पंच गौरव से संबंधित कार्य योजना तैयार करने, जर्जर आंगनबाड़ी भवनों के नवीनीकरण के प्रस्ताव तैयार करने तथा सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया।
जिला कलक्टर ने बैठक में नगर परिषद अधिकारियों को शहर में सफाई व्यवस्था सुधारने, चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्यवाही करने, बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के मरम्मत के प्रस्ताव बनाने और मिलावटी खाद्य सामग्री पर लगातार कार्रवाई करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा के तहत लंबित आवेदनों को भी शीघ्र निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस दौरान उन्होंने 15 सितम्बर से प्रारम्भ हो रहे शहर चलो अभियान एवं 18 सितम्बर से चलने वाले गाँव चलों अभियान के आयोजन के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
इस दौरान बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर महेंद्र मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर कुचामन राकेश कुमार गुप्ता, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एफ आर मीणा, महिला बाल विकास विभाग के उप निदेशक ओमप्रकाश मुवाल सहित मुख्य सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





