
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्ट गाजीपुर
गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने शनिवार को मुहम्मदाबाद तहसील का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड रूम, अधिष्ठान सहित विभिन्न पटलों का जायजा लिया। उन्होंने फाइलों के रख-रखाव को अव्यवस्थित पाकर पटल सहायक अशोक तिवारी (आरके बाबू) से स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया। डीएम ने साफ कहा कि जब तक संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलता, तब तक उनका वेतन रोका जाएगा। साथ ही उन्होंने परिसर की साफ-सफाई और फाइलों को व्यवस्थित ढंग से रखने का सख्त निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी को निर्देशित किया कि तहसील में आने वाले लाभार्थियों और किसानों की समस्याओं को तत्काल सुना जाए और उनके आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।
इसके बाद डीएम तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे और फरियादियों की समस्याएं सुनीं। मुहम्मदाबाद तहसील में 39 लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई थीं, जिनमें से पांच मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलेभर की स्थिति
गाजीपुर जिले की सातों तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस में कुल 218 शिकायतें प्राप्त हुईं, लेकिन मौके पर केवल 29 का ही निस्तारण हो सका। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है।
तहसील सदर में 45 शिकायतें आईं, जिनमें 5 का निस्तारण हुआ।
सेवराई में 23 में से 4 शिकायतें निपटाई गईं।
जखनियां में 17 में से 2 का निस्तारण हुआ।
कासिमाबाद में 31 में से 5,
सैदपुर में 21 में से 4,
जमानियां में 42 में से 4 शिकायतों का निस्तारण मौके पर हुआ।
डीएम अविनाश कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को न्याय मिल सके।
