छठ महापर्व को लेकर जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने घाटों का किया निरीक्षण
दरभंगा, 22 अक्टूबर 2025: आस्था और श्रद्धा का प्रमुख पर्व छठ महापर्व 2025 को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस क्रम में आज दरभंगा जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी द्वारा नगर क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का विस्तृत भौतिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख घाटों जैसे केम टैंक पोखर, किलाघाट तालाब, मिर्जा खां तालाब, जिला स्कूल परिसर तालाब, हराही पोखर, दिग्घी पोखर और गंगासागर पोखर का दौरा किया गया। जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी घाटों पर समय रहते साफ-सफाई, समुचित प्रकाश व्यवस्था, खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग और खतरे के चिन्ह स्वरूप लाल झंडा लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त श्री राकेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री विकास कुमार, एसडीपीओ एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन छठ पर्व के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह सक्रिय है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।
जिला प्रशासन की यह पहल श्रद्धालुओं के लिए पर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।







