A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेछत्तीसगढ़

जंगली सूअर मांस के साथ दो शिकारी गिरफ्तार

चित्रसेन घृतलहरे, वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़/समृद्ध भारत, 23 अक्टूबर 2025//बरमकेला वन क्षेत्र में जंगली जीवों और शिकारियों के बीच संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। वन विभाग की लगातार गश्त और सख्ती के बावजूद जंगलों में वन्य जीवों का शिकार जारी है। ताजा मामला बरमकेला अभयारण्य क्षेत्र का है, जहां वन विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए दो शिकारियों को जंगली सूअर का शिकार करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पठारीपाली गांव निवासी मुकुट खड़िया (42 वर्ष) और संतलाल खड़िया (29 वर्ष) ने बीती रात एक जंगली सूअर का शिकार किया और मांस को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर बेचने की तैयारी में थे। मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए गांव में घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।

जांच के दौरान उनके पास से देशी हथियार, धारदार औजार, टॉर्च और शिकार में प्रयुक्त अन्य सामग्री भी बरामद की गई। पूछताछ में दोनों ने जंगली सूअर के शिकार की बात स्वीकार की। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

बरमकेला वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि हाल के दिनों में इस क्षेत्र में जंगली प्राणियों के शिकार की कई सूचनाएं मिली थीं। टीम लगातार निगरानी में थी, जिसके बाद यह कार्रवाई संभव हो पाई। उन्होंने कहा,

“जंगल और वन्यजीव हमारे पारिस्थितिक संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इस प्रकार की अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी जंगल में संदिग्ध गतिविधि या शिकार की जानकारी मिले, तो तुरंत विभाग को सूचित करें ताकि वन्यजीवों की रक्षा और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

सूत्रों से यह भी जानकारी मिली है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। यदि आगे और आरोपी पाए जाते हैं, तो उन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!