छत्तीसगढ़

सरायपाली – वास्तविक हितग्राहियों को मिले पीएम आवास व राशन कार्ड का लाभ

वर्तमान में शासन के द्वारा राशन कार्डों की जाँच कर कई राशन कार्ड निरस्त किये जा रहे हैं, जिसमें वास्तविक हितग्राहियों के राशन कार्ड निरस्त हो जाने की बात कहते हुए शहर के वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद विकास सिंह एवं वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद श्रीमती चारूलता अजय सिंह के द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को ज्ञापन देकर उक्त राशन कार्डों को निरस्त नहीं करने की मांग की गई है। साथ ही निर्धन परिवारों को पीएम आवास का लाभदिये जाने की मांग उनके द्वारा की गई है। पार्षद द्वय ने एसडीएम को दिये ज्ञापन में उल्लेख किया है कि इन दिनों शासन के द्वारा राशन कार्डों को निरस्त किया जा रहा है, जिसमें 50 प्रतिशत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले गरीब परिवारों के राशन कार्ड भी निरस्त हो गए हैं। इसके कारण उन गरीब परिवारों के समक्ष भीषण आर्थिक संकट उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने आगे कहा कि शासन के द्वारा उन परिवारों के राशन कार्ड काटे जा रहे हैं, जिसका 5 एकड से अधिक जमीन है या जिसका 6 लाख रुपए सालाना आमदनी है और आयकर दाता है और जिसका नाम किसी अन्य राज्य के राशन कार्ड में जुड़ा हुआ है। लेकिन इसमें एक त्रुटि बताते हुए उन्होंने कहा कि राशन कार्ड से संबंधित जो भी सदस्य उस दायरे में आता है, केवल उसका नाम काटा जाना चाहिए, परन्तु पूरा राशनकार्ड ही निरस्त कर दिया जा रहा है, जो कि सही नहीं है। यदि किसी भी राशनकार्ड में मुखिया के पुत्र-पुत्री या कोई भी सदस्य उस दायरे में है, इससे यह साबित नहीं हो जाता कि वह पूरे परिवार का पालन पोषण कर रहा होगा। अतः पार्षद द्वय ने ऐसे राशन काडों को निरस्त ना करके सही जांच करने और गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले गरीब परिवारों का भी राशन कार्ड निरस्त ना किये जाने की मांग की है।

Back to top button
error: Content is protected !!