
अजीत मिश्रा (खोजी)
।। करोड़ों हड़पकर कंपनी भागी कार्यालय बंद, पांच पर रिपोर्ट।।
08 दिसंबर 25, उत्तर प्रदेश।
बाराबंकी – लखनऊ।। निवेश के नाम पर कंपनी के संचालकों पर करोड़ों रुपये हड़पकर भागने का मामला सामने आया है। शहर कोतवाली पुलिस ने कंपनी संचालक दंपती व तीन अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है
लखनऊ रोड निवासी सरफराज अली सिद्दीकी ने तहरीर में बताया कि उनके परिचित रामगोपाल निगम ने उन्हें संसार भविष्य म्युचुअल बेनिफिट लिमिटेड और माया संसार इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड में निवेश करने पर भारी मुनाफे का लालच दिया। इन दोनों कंपनी में उनकी पत्नी शिखा निगम तथा सहयोगी आमिर अहमद, अफरोज अहमद, सौरभ वर्मा कार्यरत हैं। इनका कार्यालय जहांगीराबाद क्षेत्र के सद्दीपुर में है।
शिकायतकर्ता के अनुसार कंपनी रोजाना कलेक्शन कर पांच वर्ष बाद ब्याज सहित दोगुनी राशि लौटाने का दावा करती थी। इसी भरोसे पर उन्होंने वर्ष 2016 से अपने बेटे के माध्यम से 350 प्रतिदिन जमा कराना शुरू किया। 25 नवंबर तक पांच लाख से अधिक राशि बकाया हो गई और जब उन्होंने भुगतान की मांग की तो कंपनी सैकड़ों लोगों के करीब 28 करोड़ हड़पकर कार्यालय बंद कर भाग गई। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि जांच की जा रही है।








