
9/12/2025

भभुआ में बिहार विद्यालय रात्रि प्रहरी कर्मचारी संघ की महत्वपूर्ण बैठक, ऑनलाइन भुगतान व नियमितीकरण की उठी मांग
भभुआ। कृषि विभाग कार्यालय स्थित महावीर चबूतरा के पास बिहार विद्यालय रात्रि प्रहरी कर्मचारी संघ, भभुआ की एक अहम बैठक संघ के अध्यक्ष श्रीकांत कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले भर से आए रात्रि प्रहरियों ने अपनी समस्याओं और लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक का मुख्य फोकस रात्रि प्रहरियों के ऑनलाइन भुगतान की अनिवार्यता तथा 60 वर्ष की आयु तक नियमितीकरण की मांग को सरकार तक जोरदार तरीके से पहुँचाने पर रहा। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि लंबे समय से सेवाएँ देने के बावजूद उन्हें अभी तक उचित सुविधा और स्थायी दर्जा नहीं मिल सका है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।
समूह के सदस्यों ने सरकार से यह भी आग्रह किया कि रात्रि प्रहरियों के कार्यों को ध्यान में रखते हुए उन्हें सुरक्षा उपकरण, पहचान पत्र और समय-समय पर प्रशिक्षण जैसी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ।
बैठक में कई पदाधिकारियों और सदस्यों ने अपने विचार रखे। मौके पर
मनोज राम, संजय जी, चंदन कुमार, दिलीप तिवारी, हरे राम, अभिषेक, अजय अरोड़ा, राम लखन सिंह, सरोज, श्रीराम, सुनील यादव, तूफानी सिंह, नागेंद्र सिंह, बंधु राम सहित अन्य कई सदस्य मौजूद रहे।
बैठक का समापन एक स्वर में इस संकल्प के साथ हुआ कि रात्रि प्रहरियों की समस्याओं के समाधान हेतु संघर्ष जारी रहेगा और उनकी मांगों को सरकार तक मजबूती से पहुँचाया जाएगा।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)



