एसआईआर फार्म अभियान की समीक्षा को विंढमगंज मंडल पहुंचीं सुषमा सिंह गोंड, बूथ स्तर पर ली प्रगति की जानकारी
विंढमगंज सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_ प्रांतीय परिषद सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य म्योरपुर सुषमा सिंह गोंड ने विंढमगंज मंडल क्षेत्र में चल रहे एसआईआर फार्म भरवाने के अभियान का स्थलीय निरीक्षण कर उसकी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पकरी, हरपुरा, जामपानी व धूमा सेक्टर के बूथ संख्या 349, 352, 353, 342 एवं 341 पर पहुंचकर बीएलओ, मृतक/स्थानांतरित मतदाताओं के फार्म तथा नए फार्म भरने की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सुषमा सिंह गोंड ने बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए अभियान में आ रही समस्याओं, जनसहभागिता और अब तक हुए कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और सक्रियता के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि एसआईआर फार्म अभियान संगठन और आम जनता के बीच सेतु का कार्य करता है, इसलिए इसे पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने निर्देशित किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति फार्म भरने से वंचित न रहे तथा प्रत्येक बूथ पर कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
इस अवसर पर भाजपा विंढमगंज मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, महामंत्री पंकज गोस्वामी सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं बूथ स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।






