



सागर/वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * जनता का दिल जीतने के लिए खेलें, जीतने के लिए नहीं, खेल में राजनीति नहीं, राजनीति में खेल नहीं होना चाहिए, टूर्नामेंट जीतना आसान होता है, दिल जीतना कठिन, खेल भावना से खेलकर टीम का नाम रोशन करें। उक्त विचार नगरीय विकास एवं आवास, संसदीय कार्य विभाग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बीना में 17 दिवसीय बीना क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में स्वर्गीय पंडित राकेश सिरोठिया की स्मृति में टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किए। इस अवसर पर बीना विधायक श्रीमती निर्मला सप्रे, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, श्याम तिवारी, यश अग्रवाल, सुखदेव मिश्र, देवेंद्र फुसकेले, डॉ. विनोद पंथी, धरमू राय, श्रीमती शशि कैथोरिया, गौरव सिरोठिया, विजय हुरकट, श्रीमती उषा राय, शुभम तिवारी, कड़ोरी लाल यादव, रमाकांत बिलगैया, एसडीएम विजय डहेरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं खिलाड़ी मौजूद थे। नगरीय विकास एवं आवास, संसदीय कार्य विभाग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि स्वर्गीय राकेश सिरोठिया मेरे मित्र कम, भाई ज्यादा थे और जब अब जे.पी. नड्डा, शिवराज सिंह चौहान, बृजमोहन अग्रवाल बैठते हैं तो स्वर्गीय राकेश सिरोठिया की चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अपना गम या अपनी चिंता दूर करनी हो तो वह राकेश सिरोठिया जी के साथ रह लेता तो उसका सब कुछ दूर होकर वह प्रसन्नचित हो जाता। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को जीवन में सही से जीना है तो वह राकेश जी के पदचिह्नों पर चले और इसी का अनुसरण उनके पुत्र गौरव सिरोठिया एवं उनका परिवार कर रहा है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि राजनीति में खेल नहीं होना चाहिए और खेल में कभी राजनीति नहीं होनी चाहिए। हमें खेल पूरी खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। इसी प्रकार राजनीति भी खेल भावना के सिद्धांत पर चलकर करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति व्यक्ति के हाथ की रेखा होती है। किसी व्यक्ति का भाग्य कहां चमक जाए, पता ही नहीं चलता। उन्होंने कहा कि विधायक शैलेंद्र जैन, विधायक श्रीमती निर्मला सप्रे, हीरा सिंह राजपूत, श्याम तिवारी, वृंदावन अहिरवार, अरुणोदय चौबे ऐसे व्यक्तित्व हैं जो राजनीति में रहकर बेदाग हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति काजल की कोठरी है, जहां बेदाग रहना कठिन होता है, किंतु हमारे सभी भाई-बहन बेदाग हैं। मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मैं प्रतिदिन कुछ न कुछ सीखता हूं और आगे बढ़ता हूं। उन्होंने कहा कि आप भी खेल में लगातार सीखें और अपना नाम रोशन करें। गौरव सिरोठिया ने कहा कि आज हम गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं कि हमारे बीना में वरिष्ठ मंत्री, हमारे पिता तुल्य कैलाश विजयवर्गीय पधारे और इस टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट में देशभर की 64 टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने बताया कि टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में देशभर की टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें मुंबई, गुजरात, कानपुर, भोपाल, इंदौर, झांसी, लखनऊ, सागर, उज्जैन, विदिशा, जबलपुर, जालौन, प्रतापगढ़, बीना सहित अन्य क्रिकेट टीमें खेलेंगी। गौरव सिरोठिया ने बताया कि टूर्नामेंट जीतने वाली टीम को 2 लाख 22 हजार 222 रुपए एवं उपविजेता टीम को 1 लाख 11 हजार 111 रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार अन्य विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। नगरीय विकास एवं आवास, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने समस्त अतिथियों के साथ प्रतियोगियों से परिचय प्राप्त किया एवं टॉस कर मैच का शुभारंभ कराया।औ



