
दरभंगा, 16 जनवरी, 2026: जन वितरण प्रणाली (पी.डी.एस.) विक्रेताओं की नई अनुज्ञप्ति प्रक्रिया के तहत आयोजित कम्प्यूटर ज्ञान जाँच परीक्षा का औचक निरीक्षण जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने अनुमंडल कार्यालय, सदर दरभंगा (लहेरियासराय) में किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा व्यवस्था, तकनीकी संसाधनों, अभ्यर्थियों की उपस्थिति और परीक्षा संचालन की पारदर्शिता का गहन अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी, कदाचार मुक्त और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो, ताकि योग्य अभ्यर्थियों का सही चयन सुनिश्चित हो सके।
प्रत्येक अभ्यर्थी के कम्प्यूटर ज्ञान की जाँच की जा रही है और पूरी प्रक्रिया का वीडियोग्राफी के माध्यम से रिकॉर्ड भी किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, वरीय उप समाहर्ता पवन कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।




















