
दरभंगा, 16 जनवरी 2026: समाहरणालय स्थित भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार ने पुलिस अवर निरीक्षक के पदों के लिए प्रारंभिक लिखित परीक्षा को लेकर ब्रीफिंग आयोजित की। जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा 18 और 21 जनवरी को जिला मुख्यालय के 19 परीक्षा केंद्रों पर दो पाली में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10:00 से 12:00 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक होगी।
डीएम ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि वीक्षक एवं कर्मी सुबह 7:30 बजे तक उपस्थित रहें। प्रत्येक 24 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक तथा अतिरिक्त 120–125 परीक्षार्थियों पर रिलीवर नियुक्त होंगे। प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की फिंगरप्रिंट, फोटो और वीडियो निगरानी की जाएगी। मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर परीक्षा में प्रवेश नहीं मिलेगा।
जिलाधिकारी ने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा स्वच्छ, कदाचारमुक्त और समयबद्ध तरीके से संपन्न हो। सभी प्रमुख अधिकारी एवं विभागीय पदाधिकारी ब्रीफिंग में उपस्थित रहे।




















