
दरभंगा, 06 जनवरी, 2026।
जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिले में संचालित विभिन्न भू-अर्जन परियोजनाओं की प्रगति को लेकर एक विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में भू-अर्जन से संबंधित लंबित मामलों, मुआवजा भुगतान की स्थिति तथा विकास योजनाओं की अद्यतन प्रगति पर गहन चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं में अवार्ड की घोषणा हो चुकी है, वहां अभियान चलाकर संबंधित रैयतों को शीघ्र मुआवजा भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भुगतान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधियाची विभागों को निर्देशित किया कि शेष प्रकल्पित राशि अविलंब उपलब्ध कराई जाए, ताकि मुआवजा भुगतान और अन्य प्रक्रियाओं में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिन योजनाओं में दखल-कब्जा की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, उन योजनाओं में यथाशीघ्र कार्य प्रारंभ कराया जाए। इससे विकास कार्यों को गति मिलेगी और योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंच सकेगा। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए भू-अर्जन से जुड़े कार्यों को समयबद्ध ढंग से निष्पादित करने पर जोर दिया।
बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री बालेश्वर प्रसाद सहित विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।




















