
राज्यपाल ने झारखंड माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन शो-2026 का किया उद्घाटन।।
“कहा— देश के खनन क्षेत्र में झारखंड की भूमिका अहम”
रिपोर्टर/राशीद अंसारी
रांची। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को प्रभात तारा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय द्वितीय संस्करण झारखंड माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन शो-2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि झारखंड प्राकृतिक और खनिज संसाधनों से अत्यंत समृद्ध राज्य है तथा देश के खनन क्षेत्र में इसकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। देश के कुल खनिज संसाधनों का लगभग 40 प्रतिशत झारखंड में उपलब्ध है, जिससे औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार की अपार संभावनाएं बनती हैं।
राज्यपाल ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की यह पावन धरती सामाजिक और आर्थिक विकास के साथ-साथ राष्ट्र को नई दिशा दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘आत्मनिर्भर और सशक्त भारत’ के संकल्प के साथ ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य की ओर अग्रसर है, जिसमें झारखंड की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर देकर कहा कि संसाधनों का उपयोग केवल आर्थिक लाभ तक सीमित न रहे, बल्कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन शो-2026 केवल खनन गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तरदायी और तकनीक आधारित खनन, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग, श्रमिक कल्याण, अधोसंरचना विकास, निवेश संवर्धन और रोजगार सृजन जैसे विषयों को भी समाहित करता है। उन्होंने विकास और पर्यावरण तथा उद्योग और श्रमिक हितों के बीच संतुलन बनाए रखने पर बल दिया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद महेश पोद्दार ने कहा कि माइनिंग सेक्टर में झारखंड की अहमियत लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में देश में लगभग एक बिलियन टन कोयले का खनन हो रहा है और भविष्य में आयात के बजाय निर्यात की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। स्टील उत्पादन में भी निरंतर वृद्धि हो रही है, जिससे विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।
ओलंपिया एग्जिबिशन प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन लोकेश चौधरी और सीईओ एस.के. त्रिपाठी ने बताया कि रांची में दूसरी बार इस अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इस तीन दिवसीय शो में माइनिंग, मिनरल्स, कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर, पावर, स्टील, सीमेंट सहित सहायक उद्योगों से जुड़ी 100 से अधिक देश-विदेश की कंपनियां भाग ले रही हैं।
उद्घाटन समारोह में सीसीएल, सीएमपीडीआई, बीसीसीएल, मेकॉन तथा झारखंड सरकार के भूविज्ञान विभाग के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। स्वागत भाषण लघु उद्योग भारती के पूर्व अध्यक्ष विजय छापरिया ने दिया। मौके पर एमएसएमई झारखंड के इंद्रजीत यादव, डीजीएमएस के निदेशक अजीत कुमार सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।







