

सरसों के खेत में महिला की चाकू मारकर हत्या, एक साल का मासूम पूरी रात मां के शव के पास पड़ा रहा
भगवानपुर प्रखंड के जैदपुर पंचायत में सनसनी, परिजनों ने दोषियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग
कैमूर: जिले के भगवानपुर प्रखंड से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक महिला की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
घटना बिहार के कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत जैदपुर पंचायत के यादव मोड़ के समीप की है। बुधवार देर शाम सरसों के खेत में एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान पिंकी देवी (पति – उपेंद्र मुसहर), निवासी मुसहर टोला खड़ीहा के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार पिंकी देवी अपने पति के साथ स्वयं सहायता समूह का पैसा निकालने गई थीं। बताया जा रहा है कि देर शाम घर लौटते समय सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर अज्ञात अपराधियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पिंकी देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना को और भी मार्मिक बना देने वाली बात यह रही कि महिला के साथ उसका एक साल का मासूम बच्चा भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि मासूम पूरी रात अपनी मृत मां के शव के पास ही पड़ा रहा। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर गए, तब शव देखकर मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही गांव में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई।
परिजनों ने इस जघन्य हत्या की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं से लोग भयभीत हैं।
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल इस निर्मम हत्या से पूरे भगवानपुर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और क्षेत्र में शांति बहाल हो सके।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)



