A2Z सभी खबर सभी जिले की

लखनऊ में शनिवार को UGC रेगुलेशन के खिलाफ सवर्ण मोर्चा ने किया जोरदार प्रदर्शन

लखनऊ/ उत्तर प्रदेश

लखनऊ में शनिवार को UGC रेगुलेशन के खिलाफ सवर्ण मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। परिवर्तन चौक से गांधी प्रतिमा तक मार्च निकालने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने केडी बाबू स्टेडियम के पास बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इससे नाराज प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और सड़क पर बैठकर विरोध जताने लगे। कुछ लोगों ने कपड़े उतारकर भी प्रदर्शन किया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों में भरकर इको गार्डन भेज दिया। कुछ लोग पुलिस बस की छत पर चढ़ने की कोशिश भी करते दिखे, जिन्हें बलपूर्वक नीचे उतारा गया।

प्रदर्शन में पूर्व बरेली सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री भी शामिल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि सवर्ण और ओबीसी वर्ग भाजपा से दूर हो चुका है। अग्निहोत्री ने नई राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान करते हुए कहा कि जनता को भाजपा का विकल्प दिया जाएगा।

इसी बीच, मोहनलालगंज क्षेत्र में श्रीराजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ‘दीपू’ को एहतियातन हाउस अरेस्ट कर लिया गया। शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!