A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

राष्ट्रीय हिंदी पत्रिका “देश जनहित” का प्रेस क्लब में हुआ भव्य विमोचन

पंकज कथूरिया संवाददाता बहादराबाद हरिद्वार

          (उत्तराखंड)

IMG 20260501 WA0015

हरिद्वार। शुक्रवार को प्रेस क्लब सभागार में राष्ट्रीय हिंदी पत्रिका “देश जनहित” का भव्य विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और समाजसेवियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस अवसर पर पत्रिका के संपादक दीपक राजपूत ने पत्रकारों के हित में बड़ी घोषणा करते हुए जनहित टीम से जुड़े प्रत्येक पत्रकार के लिए पांच-पांच लाख रुपये का बीमा कराने की बात कही, जिसकी कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों ने पत्रिका का विमोचन कर इसे जनमानस के लिए समर्पित किया।

अपने संबोधन में समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया का प्रभाव तेजी से बढ़ा है, जिसके चलते सूचनाओं का आदान-प्रदान तो आसान हुआ है, लेकिन इसके साथ ही भ्रामक खबरों का प्रसार भी चिंता का विषय बन गया है। उन्होंने कहा कि अपुष्ट और गलत खबरें समाज में अराजकता पैदा कर सकती हैं, इसलिए पत्रकारों को जिम्मेदारी के साथ खबरों की पुष्टि करने के बाद ही उनका प्रकाशन करना चाहिए। उन्होंने “देश जनहित” पत्रिका को एक सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि यह पत्रिका जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।
एआरटीओ हरिद्वार निखिल शर्मा ने कहा कि आज का दौर डिजिटल और सोशल मीडिया का है, जहां हर खबर पलभर में लोगों तक पहुंच जाती है। उन्होंने कहा कि इस तेजी के बीच प्रिंट मीडिया की अपनी अलग विश्वसनीयता और गरिमा है, जिसे बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पत्रिका निष्पक्ष और तथ्यात्मक पत्रकारिता को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने अपने संबोधन में कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में किसी पुस्तक या पत्रिका का विमोचन होना अपने आप में बड़ी बात है। उन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यदि लोगों में जागरूकता बढ़े तो सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि पत्रिका में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों से संबंधित जागरूकता लेखों को भी स्थान दिया जाना चाहिए।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रौतेला ने मीडिया की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में मीडिया का योगदान बेहद अहम होता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय सही और त्वरित जानकारी लोगों तक पहुंचाना मीडिया की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि पत्रिका में आपदा प्रबंधन से जुड़े लेखों को भी प्रकाशित किया जाए, ताकि आमजन को जागरूक किया जा सके।

प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि हरिद्वार की पत्रकारिता का इतिहास गौरवशाली रहा है और यहां के पत्रकार हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते रहे हैं। उन्होंने “देश जनहित” पत्रिका की टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पत्रिका निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता का उदाहरण बनेगी।
एसडीएम जितेंद्र कुमार ने कहा कि मीडिया और प्रशासन के बीच समन्वय होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक पत्रकारिता से समाज में विकास और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने पत्रिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार और पुलिस दोनों ही समाज की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सही खबरों का प्रसार समाज में शांति और व्यवस्था बनाए रखने में सहायक होता है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे तथ्यों पर आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता करें।

कार्यक्रम के अंत में संपादक दीपक राजपूत ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “देश जनहित” पत्रिका का उद्देश्य समाज के हर वर्ग की आवाज बनना है और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार बाल कृष्ण शास्त्री, श्रवण झा, रतन मणि डोभाल, अरुण कश्यप, मुस्कान राजपूत, कल्पना राजपूत, निर्मल दास महाराज, जोगेंद्र मावी, दिशा शर्मा, रश्मि कश्यप, राहुल शर्मा, लक्ष्मण कश्यप, अनिल कुमार, बसंत कुमार, बलराम कश्यप ,विनोद कश्यप ,विपिन कश्यप रोहित कश्यप, मनोज कश्यप ,मोहित प्रधान, संजय पुंडीर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साह और सकारात्मक संदेश के साथ हुआ।

[yop_poll id="10"]
Show More
Back to top button
error: Content is protected !!