

कांठ (मुरादाबाद, यूपी)। सिंचाई खंड की मासिक बैठक मंडल कार्यालय मुरादाबाद के मीटिंग हॉल में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग उत्तर प्रदेश शासन मास्टर धर्मपाल सिंह बिश्नोई उपाध्यक्ष ने और संचालन प्रमोद कुमार ने किया।
बैठक में सर्वप्रथम पुराने कार्यों की समीक्षा की गई। जिसमें पाया गया कि अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं, तथा कुछ कार्य जैसे नलकूप संख्या 240 Ag की पाइप लाइन तथा महमूदपुर रजबहा को कोकरपुर से बढ़ाकर गांगन नदी तक पूर्ण कर दिया जाए। कहा गया कि बजट उपलब्ध होते ही यह कार्य पूर्ण कर दिए जाएंगे। शिवपुरी मुंडापांडे महाविद्यालय के पुल की फाइल अधिशासी अभियंता धामपुर के पास से शीघ्र ही भेजने को कहा गया। उपाध्यक्ष मास्टर धर्मपाल सिंह बिश्नोई ने कहा कि सभी तालाब और पोखरों को दो जून से पहले पहले भरवा दिया जाए। साथ ही सभी नहर एवं नलकूप इस कार्य में सहयोग करेंगे।
बताया गया कि अधिकांश नहरों में पानी टेल तक पहुंचा दिया गया है कुछ नहरें शेष हैं जिनमें अगले सप्ताह तक टेल तक पानी पहुंच जाएगा। वर्तमान में कुलाबे, बाढ़ और सूखे की कोई समस्या नहीं है। तहसील ठाकुरद्वारा में ग्राम मुनीमपुर में पूर्व प्रधानाचार्य रघुनाथ सिंह ने एक सरकारी ट्यूबवेल की मांग रखी। यह कार्य भी शीघ्र ही पूरा कर दिया जाएगा। समीक्षा के दौरान पाया गया कि इस समय 540 ट्यूबवेल में से केवल दो यांत्रिक दोष के कारण तथा तीन विद्युत दोष के कारण बंद हैं, जिन्हें एक सप्ताह के अंदर-अंदर ठीक करने का आदेश उपाध्यक्ष ने दिया। सभी नलकूपों को 10 घंटे, ग्रामीण लाइन से जुड़े नलकूपों को 18 घंटे तथा शहरी क्षेत्र से जुड़े नलकूप को 23 घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है।
इस अवसर पर बैठक में अधिशासी अभियंता नहर आरपी सिंह, अधिशासी अभियंता नलकूप नीरज कुमार गुप्ता, अभियंता नलकूप श्रद्धा भट्ट, अपर जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार, नलकूप खंड प्रथम से राकेश कुमार, कालागढ़ उपखंड से मलखान सिंह, अभियंता बाढ़ खंड मुकेश कुमार उपाध्याय, सुशील यादव, बिजली निगम से अंकुर पाल आदि रहे।
रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ





