

झारखंड की दूसरी अंतर्राष्ट्रीय महिला हॉकी अंपायर बनीं नीतू कुमारी महतो।।
“U18 एशिया कप 2026 में जापान में करेंगी अंपायरिंग, हॉकी जगत में खुशी की लहर”
रिपोर्टर/राशीद अंसारी
रांची। झारखंड की बेटी नीतू कुमारी महतो ने राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। रांची जिले के हरदाग की रहने वाली नीतू अंतर्राष्ट्रीय हॉकी अंपायर के रूप में क्वालीफाई कर झारखंड की दूसरी महिला अंतर्राष्ट्रीय अंपायर बन गई हैं। वे 29 मई से 6 जून तक जापान के काकामिगाहारा में आयोजित होने वाले U18 एशिया कप 2026 में अंपायरिंग करती नजर आएंगी।
नीतू के इस चयन से पूरे झारखंड के खेल जगत में खुशी की लहर है। बुधवार को वे प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जापान रवाना हुईं।
“हॉकी परिवार से आता है नीतू का नाता”
नीतू कुमारी महतो का पूरा परिवार हॉकी से जुड़ा हुआ है। उनकी मां दुलारी टोपनो पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी हैं और वर्तमान में हुलंडू में कोच के रूप में कार्यरत हैं। नीतू को शुरुआती दौर में हॉकी की ट्रेनिंग भी उनकी मां ने ही दी। दुलारी टोपनो की शिष्या खिली कुमारी भी इसी एशिया कप में भारतीय टीम की गोलकीपर के रूप में हिस्सा लेंगी।
“परिवार के चार सदस्य खेल रहे हॉकी”
चार बहनों और एक भाई के परिवार में नीतू समेत चार सदस्य हॉकी खिलाड़ी हैं। उनकी बहनें कंचन कुमारी और रानी कुमारी के अलावा छोटे भाई विजय महतो भी हॉकी खेलते हैं। पिता कमल महतो हरदाग में होटल व्यवसाय से जुड़े हैं।
“पदाधिकारियों ने दी बधाई”
हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने कहा कि नीतू ने मेहनत और लगन के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर अन्य खिलाड़ियों के लिए नई राह खोली है। उन्होंने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों को कोचिंग और ऑफिशिएटिंग के क्षेत्र में भी आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
महासचिव विजय शंकर सिंह ने कहा कि नीतू बचपन से ही बेहतरीन खिलाड़ी रही हैं और अब अंपायरिंग में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने नीतू के साथ उनकी मां दुलारी टोपनो को भी धाई देते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा अपने बच्चों को खेल से जोड़कर रखा। हॉकी रांची के अध्यक्ष माइकल लाल और सचिव जयंत केरकेट्टा ने भी नीतू की मेहनत और अनुशासन की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
“आश्रिता लकड़ा थीं पहली महिला अंतर्राष्ट्रीय अंपायर”
गौरतलब है कि इससे पहले झारखंड की पहली महिला अंतर्राष्ट्रीय हॉकी अंपायर आश्रिता लकड़ा थीं। वे वर्तमान में हॉकी झारखंड की कोषाध्यक्ष हैं और कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अंपायरिंग के साथ तकनीकी अधिकारी की भूमिका निभा चुकी हैं।






