

वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान
गुलाब सागर, पणिहारी और सेलड़ी तालाब पर चल रहे कार्यों का जिला कलक्टर ने किया निरीक्षण
आगामी बारिश से पहले तीनों तालाबों के एकीकरण का लक्ष्य तेजी से पूरा किया जाएगा
फलौदी,29 मई। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत शहर के तीन तालाब गुलाब सागर, पणिहारी और सेलड़ी तालाब के एकीकरण का कार्य प्रगतिरत हैं। इस दौरान जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने निरीक्षण करते हुए कार्यों की प्रगति जानी तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि जनसहभागिता से किए जाने वाले कार्य कम लागत में स्थायी और बेहतर परिणाम देने वाले साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि फलोदी के यह तीनों तालाब केवल जल संरक्षण तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि आने वाले समय में पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि इसी गति से कार्य चलता रहा तो आने वाले समय में यह क्षेत्र जल संरक्षण का मॉडल बन सकता है।

तालाबों के एकीकरण कार्य में आमजन की सहभागिता से सकारात्मक परिवर्तन दिख रहा हैं। बारिश की सीजन से पहले तीनों तालाबों के एकीकरण को लेकर शुरू की गई इस मुहिम को पूरा करने के लिए दो खण्डों में विभिक्त किया जा रहा है। पहले खण्ड में अब तक गुलाब सागर में लगातार पांच दिनों तक चली खुदाई के बाद शनिवार से पणिहारी तालाब में अलग से विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। सुबह नौ बजे से यहां दो हिटाची मशीनें और चार डम्पर लगाए जाएंगे।

इसके अलावा दिनभर चलने वाले कार्य के साथ अब रात में भी खुदाई जारी रखी जाएगी। इससे तीनों तालाबों के एकीकरण की गति दोगुनी होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इसी प्रकार लगातार कार्य चलता रहा तो जल्द ही यह पूरा क्षेत्र एक विशाल झील का स्वरूप ले लेगा।
रिपोर्टर श्यामलाल वन्दे भारत न्यूज़ फलोदी 9024706599




