उत्तर प्रदेशसोनभद्र

धूमा में स्वास्थ्य सेवा का महाकुंभ, लखनऊ के वरिष्ठ चिकित्सकों ने किया निःशुल्क उपचार

400 मरीजों की जांच, 75 एक्स-रे, 40 बलगम नमूने लिए गए; टीबी उन्मूलन और स्वच्छता पर किया जागरूक

दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
दुद्धी विकासखंड के ग्रामसभा धूमा स्थित पंचायत भवन में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग सोनभद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी एवं धन्वंतरि सेवा न्यास, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लखनऊ से आए देश के ख्यातिप्राप्त चिकित्सकों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया।IMG 20260706 WA0030
शिविर का मुख्य आकर्षण किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय (केजीएमयू), लखनऊ के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष एवं देश के प्रसिद्ध चेस्ट रोग विशेषज्ञ प्रो. सूर्यकांत तथा एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अंकित कुमार रहे। दोनों विशेषज्ञों ने मरीजों का परीक्षण कर श्वसन रोगों, टीबी की रोकथाम तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
शिविर में स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय सोनभद्र के चेस्ट विशेषज्ञ डॉ. नागेंद्र कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर (नेत्र रोग) डॉ. रामचंद्र, जिला क्षय रोग केंद्र के डॉ. जगदीश पटेल, जिला पीपीएम समन्वयक सतीश सोनकर, सीएचसी दुद्धी के अधीक्षक डॉ. शाह आलम, डॉ. गौरव सिंह, डॉ. दिलीप कुमार सहित अन्य चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
स्वास्थ्य शिविर में लगभग 400 मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लाभ उठाया। इस दौरान 75 मरीजों के एक्स-रे किए गए तथा 40 संदिग्ध मरीजों के बलगम के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं और विभिन्न बीमारियों की जांच भी की गई।
प्रो. सूर्यकांत ने उपस्थित ग्रामीणों को भारत सरकार के टीबी उन्मूलन अभियान, स्वच्छता, संतुलित आहार एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता श्रवण गौड़ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनसेवा के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे तथा लोगों को स्वच्छता और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति लगातार जागरूक किया जाएगा।IMG 20260706 WA0029
शिविर के सफल आयोजन में ग्राम प्रधान रामप्रसाद यादव, हरिहर यादव, प्रधान दिनेश यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही। पूरे कार्यक्रम में ग्रामीणों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं की सराहना करते हुए इसे जनहित की महत्वपूर्ण पहल बताया।

[yop_poll id="10"]
Show More
Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!