
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने विधानसभा में क्षेत्र के विकास से जुड़े चार महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से उठाते हुए जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा तथा स्कूल शिक्षा विभाग का ध्यान आकृष्ट किया। विधानसभा में प्रस्तुत प्रश्नों के माध्यम से उन्होंने सिंचाई, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़े विभिन्न लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति एवं प्रगति की जानकारी प्राप्त की। विधायक लारिया द्वारा कड़ान मध्यम सिंचाई परियोजना की पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में जल संसाधन विभाग ने बताया कि परियोजना की पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति लगभग 973 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत की है, जिसमें पथरिया हाट क्षेत्र की 125.20 हेक्टेयर भूमि के अधिग्रहण की राशि भी सम्मिलित है। विभाग ने यह भी अवगत कराया कि परियोजना की विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जा रहा है तथा पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति के लिए प्रस्ताव शीघ्र ही सक्षम समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाना प्रस्तावित है।
विधायक लारिया ने तोड़ा गौतमिया, गढ़ौली सेवारा, पिपरिया जसराज, रतौना जलाशय तथा घुरेटा सिंचाई परियोजना सहित क्षेत्र की विभिन्न लघु सिंचाई योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति का विषय भी विधानसभा में प्रमुखता से उठाया। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग से विधायक लारिया ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पामाखेड़ी एवं परसोरिया के नवीन भवनों के संचालन के संबंध में प्रश्न प्रस्तुत कर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इसी क्रम में विधायक लारिया ने नरयावली विधानसभा क्षेत्र की माध्यमिक शालाओं को हाई स्कूल तथा हाई स्कूलों को हायर सेकेंडरी में उन्नयन किए जाने के संबंध में भी विस्तृत प्रश्न प्रस्तुत किया। उन्होंने सड़ेरी, साईंखेड़ा, ढाना नरयावली, देवरी, मेनपानी, पड़रिया एवं कर्रापुर सहित विभिन्न विद्यालयों के उन्नयन का विषय विधानसभा में प्रभावी ढंग से उठाया।









