
कोटा। लगातार हो रही बारिश के बीच शहर की प्रमुख स्वर्ण रजत मार्केट की जर्जर होती इमारत चिंता का विषय बन गई है। मार्केट में कई स्थानों पर दीवारों और छतों से प्लास्टर उखड़कर गिर रहा है, जिससे व्यापारियों और ग्राहकों की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा है।
हाल ही में मार्केट के गेट नंबर 8 और 9 के पास भी प्लास्टर गिरने की घटना सामने आई, जिसके बाद व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। हालांकि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं करवाई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
व्यापारियों का कहना है कि बारिश के मौसम में भवन की जर्जर स्थिति और अधिक स्पष्ट हो गई है। कई स्थानों पर प्लास्टर कमजोर होकर टूट रहा है, जिससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों के लिए खतरा पैदा हो गया है।
व्यापारियों ने मार्केट के अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी से मांग की है कि पूरे भवन का निरीक्षण करवाकर जहां-जहां प्लास्टर उखड़ चुका है या भवन कमजोर हो गया है, वहां तत्काल मरम्मत करवाई जाए। उनका कहना है कि समय पर रखरखाव और आवश्यक मरम्मत से मार्केट को सुरक्षित रखा जा सकता है तथा किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सकता है।
व्यापारियों ने संबंधित पदाधिकारियों से सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि मार्केट में आने वाले व्यापारियों और ग्राहकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।



