सिद्धार्थनगर जिले के इटवा थाना क्षेत्र के बेनीनगर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक डीजे पर कुछ युवकों के कंधे पर चढ़कर हाथ में रिवाल्वर लहराता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में तेज आवाज में डीजे बज रहा है और बड़ी संख्या में लोग नाचते नजर आ रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कांवड़ यात्रा के दौरान जब डीजे बेनीनगर के पास पहुंचा तो दो डीजे कंपनियां आमने-सामने आ गईं। इसी दौरान एक युवक अन्य युवकों के कंधे पर चढ़कर खुलेआम रिवाल्वर लहराता नजर आया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक के हावभाव से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उसे कानून या पुलिस का कोई भय नहीं था।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में इसकी व्यापक चर्चा हो रही है। मामले पर इटवा थाना प्रभारी संजय मिश्र ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में है। इसकी जांच कराई जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।







