




स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर धनबाद जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, जटिल एवं गंभीर अपराधों का सफल उद्भेदन करने, संगठित आपराधिक गिरोहों के नेटवर्क को ध्वस्त करने, कुख्यात नक्सलियों के विरुद्ध साहसिक कार्रवाई, साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का पर्दाफाश करने तथा अभियोजन व प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 17 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर श्री अजीत कुमार विमल एसडीपीओ बाघमारा को महुदा (कांड संख्या 34/26), बरोरा (कांड संख्या 31/26) एवं कतरास/ईस्ट बसुरिया (कांड संख्या 198/26) में अज्ञात अभियुक्तों द्वारा की गई हत्या के तीन गंभीर एवं जटिल कांडों का सफल नेतृत्व कर त्वरित उद्भेदन करने के लिए सम्मानित किया गया।
श्री लिलेश्वर श्री महतो (एसडीपीओ, निरसा) को कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के सक्रिय सदस्य मो रिजवान सिद्दिकी को 2 देशी पिस्तौल और 33 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा तथा गिरोह को बड़ा झटका देने, श्री मुहम्मद रूस्तम (पुलिस निरीक्षक, कतरास अंचल) को महुदा, बरोरा एवं कतरास क्षेत्र के अज्ञात हत्या कांडों के अनुसंधान एवं उद्भेदन में तकनीकी व व्यावहारिक स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाने, श्री प्रवीण कुमार व श्री शशि रंजन कुमार (पुनि सह थाना प्रभारी, कतरास) को जमुना दास बिसेसरलाल ऑर्नामेंट्स ज्वेलरी दुकान में गार्ड को बंधक बनाकर हुई डकैती कांड का सफल उद्भेदन करने, श्री मुकेश चौधरी (पुनि सह थाना प्रभारी, झरिया) को 452 प्रतिवेदित कांडों के मुकाबले रिकॉर्ड 634 कांडों का निष्पादन करने, 217 अभियुक्तों को गिरफ्तार करने तथा आग्नेयास्त्रों व चोरी गए 15-20 लाख रुपये के स्वास्थ्य केंद्र के सामान की बरामदगी करने के लिए सम्मानित किया गया।
वहीं प्रभारी, अभियोजन कोषांग (धनबाद) को 3 माह के भीतर 2,475 मामलों में चार्जशीट, अंतिम प्रपत्र समर्पित कराने, 3,147 वारंटों का निष्पादन कराने तथा स्पीड ट्रायल (आर्म्स एक्ट) के तहत 12 कांडों में सजा दिलाने, श्री पिकु प्रसाद (पुअनि सह थाना प्रभारी, लोयाबाद) को एकड़ा शिव मंदिर के पास चालक से मार-पीट कर लूटे गए हाईवा (JH10AP-1438) को मात्र 24 घंटे के अंदर बरामद कर 2 अपराधियों को गिरफ्तार करने, श्री पवन कुमार (पुअनि सह थाना प्रभारी, जोगता) को संगठित प्रिंस खान गिरोह के अपराधियों की गिरफ्तारी तथा उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने में विशेष एवं सराहनीय योगदान देने, श्री रवि कुमार (पुअनि सह थाना प्रभारी, बरवाअड्डा) को कुख्यात शीर्ष नक्सली मिसिर बेसरा एवं अन्य उग्रवादियों की गिरफ्तारी में अत्यंत सूझबूझ एवं साहस का परिचय देने, श्री सत्यजीत कुमार (पुअनि सह थाना प्रभारी, बलियापुर) को बलियापुर थाना के 8 महत्वपूर्ण व संवेदनशील कांडों का उद्भेदन कर संलिप्त अभियुक्तों को हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार करने, श्री अभिनव कुमार (ओपी प्रभारी, मैथन) को संगठित अपराध गिरोह प्रिंस खान के नेटवर्क को समाप्त करने तथा अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने में महत्वपूर्ण कार्य करने, श्री नितेश कुमार मिश्रा (ओपी प्रभारी, कालूबथान) को बाइक चोरी गिरोह के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 5 अपराधियों को गिरफ्तार करने तथा उनकी निशानदेही पर 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद करने के लिए सम्मानित किया गया।
जबकि श्री अभय कुमार (पुअनि सह थाना प्रभारी, बरोरा) को संगठित आपराधिक नेटवर्क (प्रिंस खान गिरोह) को निष्प्रभावी बनाने में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने, श्री बिरजू राम (पुअनि, गोविन्दपुर थाना) को राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश के रहने वाले अंतरराज्यीय आपराधिक कांडों के नामजद अभियुक्तों को त्वरित कार्रवाई कर गिरफ्तार करने, श्री विष्णु कुमार गोस्वामी (पुअनि, साइबर थाना) को मैलवेयर आधारित फ्रॉड के मामले में 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर ₹129 करोड़ के विशाल साइबर फ्रॉड नेटवर्क का खुलासा करने, श्री अमलेश कुमार सिंह (लेखापाल, धनबाद) को लेखा संबंधी कार्यों का ससमय निष्पादन, हिंदी शाखा का कुशल संचालन एवं अपराध अनुश्रवण में वरीय अधिकारियों को उत्कृष्ट सहयोग प्रदान करने तथा श्री उपेन्द्र कुमार सिंह (सअनि यातायात थाना धनबाद) को सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने एवं यातायात नियंत्रण में निरंतर तत्परता दिखाने के लिए सम्मानित किया गया।



