दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजनाओं की समीक्षा, लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
दरभंगा, 17 दिसंबर 2025।
जिले में दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला पदाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार के निर्देशानुसार जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग द्वारा आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता सहायक निदेशक श्री आशीष अमन ने की।
बैठक में जिले के सभी प्रखंडों के समाज कल्याण विभाग के कार्यपालक सहायकों ने भाग लिया। इस दौरान दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। सहायक निदेशक श्री आशीष अमन ने योजनाओं में हुए हालिया बदलावों, तकनीकी प्रक्रियाओं तथा पात्र लाभुकों तक लाभ पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से जानकारी दी।
विशेष रूप से ‘मुख्यमंत्री नि:शक्तजन संबल योजना’ के अंतर्गत बैट्री चालित ट्राइसाइकिल वितरण से जुड़े आवेदनों की स्थिति पर चर्चा की गई। समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि प्रखंड स्तर पर इस योजना से संबंधित कुल 108 आवेदन लंबित हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रखंडवार लक्ष्य निर्धारित किए गए और सभी लंबित आवेदनों को 10 दिनों के भीतर निष्पादित करने का सख्त निर्देश दिया गया। इसके साथ ही सामान्य उपकरण वितरण एवं यूडीआईडी कार्ड निर्माण की प्रक्रिया में भी तेजी लाने को कहा गया।
श्री आशीष अमन ने स्पष्ट किया कि अब से ऐसी समीक्षा बैठकें प्रत्येक माह आयोजित की जाएंगी। कार्यशैली में सुधार हेतु उत्कृष्ट कार्य करने वाले शीर्ष तीन कार्यपालक सहायकों को पुरस्कृत करने तथा खराब प्रदर्शन करने वालों पर विभागीय कार्रवाई करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक के अंत में फीडबैक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें कार्यपालक सहायकों ने जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं को साझा किया। बैठक धन्यवाद ज्ञापन के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग के सभी कर्मी उपस्थित थे।




