25 हजार का इनामी दुष्कर्म आरोपी गिरफ्तार
सिद्धार्थनगर पुलिस ने दो बाल अपचारियों को भी पकड़ा
सिद्धार्थनगर जिले की मिश्रौलिया पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में दो बाल अपचारियों को भी अभिरक्षा में लेकर माननीय न्यायालय भेजा। यह कार्रवाई 26 नवंबर 2025 को इटवा के ग्राम गोनरा मोड़ पुलिया के पास की गई।

यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के कुशल पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण
अभियान के तहत हुई। क्षेत्राधिकारी इटवा शुवेंदु सिंह के निर्देशन में थानाध्यक्ष मिश्रौलिया बृजेश सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
गिरफ्तार किए गए इनामी अभियुक्त की पहचान विकास यादव (22 वर्ष) पुत्र तिलकराम यादव निवासी होरिलापुर, थाना मिश्रौलिया, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0 162/25 धारा 70(1), 351(3), 3(5) BNS व 3 (2) V एससी/एसटी एक्ट और 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस टीम ने विकास यादव और दोनों बाल अपचारियों को ग्राम गोनरा मोड़ पुलिया के पास से पकड़ा। सभी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया गया।







