
पोर्टल पर आज से दिखेगा सरप्लस शिक्षकों का विवरण
बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में समायोजन की प्रक्रिया शुरू हो गई है । 31 जुलाई तक मानव संपदा पोर्टल पर छात्र संख्या का विवरण अपलोड कर दिया गया है । अब दो अगस्त से सरप्लस शिक्षकों का विवरण पोर्टल पर दिखने लगेगा । समायोजन की प्रक्रिया सात अगस्त तक पूरी करनी होगी । प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों के समायोजन का आदेश 26 जून को बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी ने जारी किया था । उस समय शिक्षकों ने 31 मार्च की छात्र संख्या के आधार पर समायोजन का विरोध किया था । वह 30 सितंबर तक की छात्र संख्या के आधार पर समायोजन को मांग कर रहे थे । कुछ शिक्षक इसके खिलाफ कोर्ट भी गए थे । इसलिए यह प्रक्रिया कुछ दिन टल गई । पिछले दिनों 30 जून को छात्र संख्या के आधार पर समायोजन का आदेश जारी किया गया । आदेश के क्रम में छात्रों का विवरण 30 जुलाई तक मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया । अगले दिन उसकी त्रुटियां दूर की गईं । एक अगस्त को एनआईसी से सरप्लस शिक्षकों का विवरण तैयार किया गया । अध्यापकों के समायोजन का क्रम उनकी वरिष्ठता के आधार पर बनाया गया है ।





