

KANTH (MORADABAD)। कांठ क्षेत्र के गांव रामसराय में कई दिनों से दहशत का कारण बने तेंदुए को सोमवार सुबह वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की भीड़ को हटाकर तेंदुए को मय पिंजरे अपने कब्जे में ले लिया। बाद में उसे मुरादाबाद के डियर पार्क ले जाया गया।

सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे तेंदुआ शिकार के लालच में पिंजरे में फंस गया। इसकी जानकारी मिलते ही डिप्टी वन रेंजर पुष्पेंद्र सिंह वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पिंजरे के आसपास जमा ग्रामीणों की भीड़ को हटाया और तेंदुए को मय पिंजरे अपने कब्जे में लेकर मुरादाबाद के डियर पार्क पहुंचाया। डिप्टी वन रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए तेंदुए की उम्र करीब आठ वर्ष है और यह नर है। चिकित्सा परीक्षण में तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया है। फिलहाल उसे डियर पार्क में रखा गया है।

— कांठ क्षेत्र में लगातार दिखाई दे रहे तेंदुए, लोगों में दहशत का माहौल
क्षेत्र में लगातार कहीं न कहीं हर रोज तेंदुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। पिछले महीनों में तेंदुओं ने अलग-अलग स्थान पर हमले कर कांठ क्षेत्र के 12 लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। क्षेत्र के गांव मुख्तयारपुर नवादा, रसूलपुर गुर्जर, अहमदपुर निंगू नंगला, खलीलपुर कद्दीम, चेतरामपुर, कोकरपुर दयानाथपुर, फतेहपुर बिश्नोई, सलेमपुर, फजलाबाद, रामसराय, पाइंदापुर, राजीपुर खादर, दरियापुर, रम्पुरा, गोपालपुर, बहादुरपुर खादर, मल्लीवाला, कासमपुर आदि तमाम गांव के ग्रामीणों में तेंदुओं की दहशत व्याप्त है। इन गांवों के आसपास अब तक तेंदुए दिखाई भी दिए जा चुके हैं।
— डिप्टी रेंजर बोले किसान घबराएं नहीं, खेतों पर समूह के रूप में जाएं
कांठ तहसील क्षेत्र के लोगों में तेंदुओं की दहशत को देखते हुए डिप्टी वन रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वह घबराएं नहीं, खेतों पर समूह के रूप में कार्य करें, अकेले न जाएं और हाथों में लाठी-डंडे लेकर ही जाएं, महिलाओं और बच्चों को खेतों में अकेले न भेजें, अपने बच्चों को स्वयं ही स्कूलों में छोड़कर आएं, शाम के बाद बच्चों को घरों से बाहर न निकलने दें। उन्होंने कहा कि यदि कहीं पर तेंदुआ दिखाई दे तो इसकी सूचना उन्हें इस नंबर 9759730666 पर दें।
Repo: Pankaj Kumar, Kanth ✍️






