
।

सागर । वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज संवाददाता सुशील द्विवेदी। कलेकटर संदीप जी. आर. ने सीएम राईज विद्यालय रहली के निर्माणाधीन भवन के निरीक्षण और अवलोकन के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम राईज स्कूल का भवन आधुनिक एवं सर्व सुविधायुक्त बनाएं। विद्यार्थियों के सुझाव भी आमंत्रित करें और यथोचित उन्हें शामिल करें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल, जिला पंचायत सीईओ विवेक के व्ही, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर ने कहा कि विद्यालय में बालक एवं बालिकाओं के अलग-अलग शौचालय बनाए जाएं। दोनों शौचायलयों के बीच पर्याप्त स्थान रखा जाए, आवश्यकता हो तो बीच में बड़ा हॉल या एक कक्ष बनाएं। बालक शौचालय में उपयोग होने वाली सभी पाइप लाइन दीवाल के अंदर और अंडरग्राउंड रहे जिससे की टूट-फूट से बचा जा सके, इसका विशेष ध्यान रखा जावे। उन्होंने कहा कि सभी कक्षाओं में प्रोजेक्टर हेतु विद्युत लाइन निर्माण कार्य के दौरान ही डाली जाए। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ को निर्देशित किया कि विद्यालय के निर्माण में लगाई जा रही निर्माण सामग्री की जांच कराएं साथ ही निर्माण की लगातार मॉनिटरिंग करें। कलेक्टर ने कहा कि विद्यालय का निर्माण कार्य समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करें एवं मुख्य रूप से बिजली फिटिंग में उपयोग होने वाली सामग्री गुणवत्तापूर्ण लगाई जाए। इसी प्रकार विद्यालय के निर्माण में प्रयुक्त होने वाली अन्य सामग्री जैसे दरवाजे, खिडकियों के कांच, फर्स पर लगने वाली टाईल आदि की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जावे। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में बन रही सीएम राइज विद्यालय का निरीक्षण करें एवं प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि विद्यालय के क्लासरूम में प्रकाश, पीने के पानी, साफ-सफाई, सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जावे।






