
फिरोजाबाद स्क्रिप्ट
महिला अधिकारों पर जागरूकता अभियान यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति समाज को शिक्षित करने की पहल
फिरोजाबाद के मेडिकल कॉलेज के शौ शैया महिला अस्पताल में यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य जागरूकता दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधानाचार्य डॉ. योगेश गोयल, सीएमएस डॉ. नवीन जैन और एचओडी डॉ. प्रेरणा जैन ने किया। उन्होंने इस अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।डॉ. प्रेरणा जैन ने कहा कि यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य केवल यौन संबंधी रोगों तक सीमित नहीं है। यह विषय लोगों की शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक मजबूती से जुड़ा हुआ है। विशेष रूप से महिलाओं के लिए यह एक ऐसा मुद्दा है, जिस पर समाज में खुलकर चर्चा नहीं हो पाती। सामाजिक धारणाओं और परंपराओं के चलते महिलाएं अपनी समस्याओं को खुलकर व्यक्त नहीं कर पातीं।उन्होंने कहा, यौन एवं प्रजनन अधिकार, मानव के मौलिक अधिकारों में से एक हैं। इसका अर्थ है कि हर व्यक्ति को अपने शरीर से जुड़े निर्णय लेने का पूरा अधिकार है। लेकिन आज भी महिलाओं के इन अधिकारों को समाज में नजरअंदाज किया जाता है। खासकर किशोरियों और युवतियों को सही जानकारी न मिलने के कारण उन्हें कई मानसिक और शारीरिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है।डॉ. योगेश गोयल ने यौन हिंसा के विषय में बात करते हुए कहा कि शर्म और लज्जा के कारण महिलाएं अक्सर अपने अनुभव साझा नहीं कर पातीं। उन्होंने बताया कि भारत में गर्भनिरोधक उपायों को लेकर भी महिलाओं के प्रति भेदभावपूर्ण धारणाएं हैं। समाज में यह माना जाता है कि गर्भनिरोधक अपनाना केवल महिलाओं की जिम्मेदारी है, जिसके कारण वे अनचाहे गर्भ और मानसिक दबाव से जूझती हैं।इस समस्या के समाधान के लिए स्कूलों और कॉलेजों में यौन शिक्षा देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। इसके साथ ही पुरुषों को भी गर्भनिरोधक और यौन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना जरूरी है। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि यह केवल महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं है।इस अभियान के अंत में सभी ने एकजुट होकर यह संकल्प लिया कि महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए समाज में खुली बातचीत को बढ़ावा देंगे। जब समाज में इस विषय पर झिझक समाप्त होगी, तभी महिलाओं की शारीरिक, मानसिक और सामाजिक सेहत को सही मायनों में मजबूती मिलेगी।






