
Chandauli News: गंगा में स्नान करने गए युवक की मौत, चार घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव
चंदौली जिले के धानापुर थानाक्षेत्र के प्रसहटा गांव के सामने बृहस्पतिवार को साथियों के साथ गंगा स्नान करने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।ये है पूरा मामला
प्रसहटा गांव निवासी निखिल (18) पुत्र कमला यादव अपने मित्र वरुण, अमित और पवन के साथ गंगा में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह कुछ दूर चल गया और डूबने लगा। यह देख कर उसके साथी उसे बचाने के लिए पहुंचे, लेकिन वह भी धारा में डूबने लगे। किसी तरह वह बच कर किनारे पर आए, लेकिन निखिल डूब गया। घटना की सूचना परिजनों सहित ग्रामीणों को दी। घटना की जानकारी होने पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम पहुंच गई। लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद निखिल के शव को बाहर निकाला गया। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक निखिल इंटरमीडिएट का छात्र था। उसके पिता दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। मां का रो- रो कर बुरा हाल है। डूबने की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। निखिल चार भाई बहनों में तीसरे नंबर पर था। थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।