A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेशजालौन

जालौन व रामपुरा आकांक्षात्मक विकासखंडों की समीक्षा बैठक, जिलाधिकारी ने दी विकास कार्यों में गति लाने के निर्देश

FB IMG 1748431906342

उरई (जालौन)जनपद के आकांक्षात्मक विकासखंडों जालौन और रामपुरा में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, जल जीवन मिशन सहित अन्य प्रमुख विकास मानकों पर गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने यूनीसेफ द्वारा की गई पर्यवेक्षण यात्रा और प्राप्त फीडबैक रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न संकेतकों में अंतर पाए जाने पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि विकासखंडों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और लक्ष्यों की प्राप्ति में कोई कोताही न हो।बैठक के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण एवं जल जीवन मिशन से जुड़े विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने प्रगति को संतोषजनक न पाते हुए खंड विकास अधिकारियों और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा नियमित निगरानी न करने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अधिकारियों को अपने कार्य क्षेत्र में निगरानी और निष्पादन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आकांक्षात्मक ब्लॉक कार्यक्रम के तहत सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि विकास मानकों में सुधार हो सके। साथ ही, चयनित संकेतकों पर ब्लॉकवार अद्यतन सूचना प्रत्येक माह के अंत तक अनिवार्य रूप से संकलित कर उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विकास प्रक्रिया में पारदर्शिता, समयबद्धता और प्रभावशीलता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र देव शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
FB IMG 1748431904012

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!