अमृता हत्याकांड: परिजनों से मिले नीरज सिंह बिट्टू, कहा – जल्द चलेगा आरोपियों के घर पर योगी का बुलडोजर
कुशीनगर । कोतवाली हाटा क्षेत्र के एक गांव में हुई अमृता की निर्मम हत्या से न सिर्फ क्षेत्र में आक्रोश है, बल्कि यह मामला अब राजनीतिक सरगर्मियों का भी केंद्र बनता जा रहा है। मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री प्रतिनिधि नीरज सिंह बिट्टू ने अमृता के घर पहुंचकर पीड़ित परिजनों से मुलाकात की।
उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढाढस बंधाते हुए कहा कि बेटी अमृता के साथ जो अमानवीय और दिल दहला देने वाली घटना हुई है, उसके दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना ने समाज को झकझोर दिया है और सरकार पूरी गंभीरता से मामले पर कार्रवाई कर रही है।
नीरज सिंह बिट्टू ने दिए कड़े संदेश
परिजनों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “यह घटना एक परिवार की नहीं, पूरे समाज की पीड़ा है। योगी आदित्यनाथ जी की सरकार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। जल्द ही आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलेगा और कानून के तहत उन्हें ऐसी सजा दी जाएगी, जो उदाहरण बनेगी।”
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की जांच में तेजी लाई जाए और आरोपियों पर उचित धाराओं सहित कठोर कार्रवाई हो। साथ ही उन्होंने पीड़िता के परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया।
ग्रामीणों में रोष, न्याय की मांग तेज
इस दौरान गांव के लोग भी भारी संख्या में जुटे थे और उन्होंने अमृता को न्याय दिलाने के लिए एकजुटता दिखाई। ग्रामीणों ने बताया कि अमृता एक होनहार छात्रा थी, जिसे बड़ी बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। सभी की यही मांग है कि आरोपी को फांसी की सजा मिले।
राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में भी हलचल
घटना के बाद से सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का पीड़ित परिवार के यहां आना-जाना जारी है। हर कोई इस जघन्य कृत्य की निंदा कर रहा है और आरोपियों को सख्त सजा दिलाने की मांग कर रहा है।
सरकार सख्त, प्रशासन सतर्क
इस मामले में पुलिस लगातार छानबीन कर रही है और सूत्रों की मानें तो कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर भी इस प्रकरण को गंभीरता से लिया गया है।
नीरज सिंह बिट्टू की पीड़ित परिवार से मुलाकात ने न सिर्फ परिवार को हिम्मत दी, बल्कि पूरे क्षेत्र को यह संदेश दिया कि अन्याय के खिलाफ अब हर कोई आवाज़ बुलंद कर रहा है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिलेगी और पीड़िता को न्याय मिलेगा।


















