

उपराजधानी दुमका जिला के रामगढ़ प्रखंड विकास पदाधिकारी, श्री कमलेंद्र कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (Special Intensive Revision – SIR) के अंतर्गत एकदिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
यह प्रशिक्षण शिविर प्रखंड कार्यालय सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें मतदान केंद्र संख्या-1 से मतदान केंद्र संख्या-50 तक के बीएलओ (Booth Level Officers) एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन प्रखंड कल्याण पदाधिकारी-सह-प्रखंड निर्वाचन प्रभारी श्री ब्रजेश कुमार द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को मतदाता सूची में नवीन नाम जोड़ने, मृत/स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने, नागरिकता की पहचान हेतु आवश्यक दस्तावेजों की जांच, और फॉर्म-6, 6A, 7 और 8 से संबंधित सभी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सभी बीएलओ निर्धारित समय-सीमा के भीतर घर-घर सर्वेक्षण करेंगे और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से कार्य संपादित करेंगे।
प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री सिन्हा ने बीएलओ से अपेक्षा की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को पूर्ण गंभीरता के साथ लेंगे, जिससे मतदाता सूची त्रुटिरहित और अद्यतन बन सके। उन्होंने यह भी कहा कि बीएलओ की भूमिका इस कार्यक्रम की रीढ़ की तरह है, अतः उनका सक्रिय योगदान अत्यंत आवश्यक है।
प्रशिक्षण के अंत में बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों के प्रश्नों का समाधान भी किया गया तथा कार्यक्रम के आगामी कार्ययोजना की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। यह प्रशिक्षण सत्र मतदान केंद्र संख्या-51 से 100 तक दिनांक 16.07.2025 को तथा मतदान केंद्र संख्या-101 से 154 के लिए 17.07.2025 को आयोजित है।










