
रामपुरा। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भादाना क्षेत्र के एक नाले के पास से लगभग 500 लीटर महुआ लाहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने नाले के किनारे प्लास्टिक के ड्रमों में छिपाकर रखा गया महुआ लाहन बरामद किया। हालांकि दबिश के दौरान मौके से कोई आरोपी नहीं मिला। पुलिस ने पूरे लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया ताकि उससे अवैध शराब का निर्माण न हो सके। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब लाहन रखने और अवैध शराब बनाने में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।










