
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सागर पुलिस द्वारा लगातार सघन अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के पर्यवेक्षण में थाना बहेरिया पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 57.9 लीटर अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल जप्त की है। दिनांक 18 जुलाई 2026 को थाना बहेरिया पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि जलसा होटल के बगल स्थित कुलिया (नाले) के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक शशिकांत गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस टीम को देखकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने उसका काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका। इसके बाद पुलिस ने मौके पर खड़ी मोटरसाइकिल एवं उसके आसपास रखे प्लास्टिक के थैलों की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान विभिन्न कंपनियों के 280 क्वार्टर एवं 10 बोतल देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जप्त शराब में मैकडॉवेल नं.1, आईबी, सिग्नेचर, गोवा व्हिस्की, ओल्ड मोंक रम, ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल चैलेंज, बैकार्डी रम, मैजिक मोमेंट्स वोडका सहित विभिन्न ब्रांडों की शराब तथा देशी प्लेन शराब शामिल है। जप्त शराब की कुल मात्रा 57.900 लीटर तथा अनुमानित कीमत ₹55,150 आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान शराब के परिवहन में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स कंपनी की बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जप्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹50,000 है। इस प्रकार कुल ₹1,05,150 मूल्य का मशरूका पुलिस द्वारा जप्त किया गया।
इस संबंध में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना बहेरिया में धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। फरार आरोपी की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही जप्त शराब के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने जिले में अवैध शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी इसी प्रकार निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि समाज में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा तथा इसमें संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शशिकांत गुर्जर, सहायक उप निरीक्षक देवेन्द्र दुबे, प्रधान आरक्षक दीपक गुरुंग, सुनील पांडे, आरक्षक नरेन्द्र रावत, आरक्षक मनुप्रताप सिंह सहित थाना बहेरिया के समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।



