
जेपीएससी में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में भाजयुमो का मशाल जुलूस, 22 जुलाई को घेराव का ऐलान
देवघर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने रविवार को झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में जिला अध्यक्ष आशीष दुबे के नेतृत्व में मशाल जुलूस निकाला। यह जुलूस वीर कुंवर सिंह चौक से टावर चौक तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा और भाजयुमो के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जेपीएससी में कथित अनियमितताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राज्य सरकार से युवाओं के हितों की रक्षा करने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने कहा कि जेपीएससी में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में युवा मोर्चा ने मशाल जुलूस के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने घोषणा की कि 22 जुलाई को रांची स्थित जेपीएससी कार्यालय का घेराव किया जाएगा और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को और तेज किया जाएगा।
वहीं, भाजयुमो जिला अध्यक्ष आशीष दुबे ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने युवाओं के भविष्य और उनके सपनों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि जेपीएससी कथित रूप से भ्रष्टाचार का केंद्र बन चुका है, जिसके विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा आंदोलन चला रहा है। उन्होंने कहा कि मशाल जुलूस युवाओं की आवाज को बुलंद करने का प्रतीक है और आगामी घेराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे।
इस मौके पर भाजपा जिला प्रभारी यदुनंदन पाठक, विजया सिंह, सोनधारी झा, रमेश गुड्डू, तूफान महाथा, सुनील यादव, शुभम कुमार, विष्णु राउत, रविकांत जैसवाल, धनंजय तिवारी, अमृत मिश्रा, अलका सोनी, संध्या कुमारी, अमित कुमार, पुनिता सिंह, शुचिता घोष, प्रणव मित्रा, रिंकू सिंह, दीनबंधु परिहस्त, अशोक मोहली, गणेश कुमार, कुमार अभिषेक सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






