
धमतरी । 19 जुलाई धमतरी जिले के सुदूर अंचल नगरी विकासखंड के ग्राम ठेनही में प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी ‘पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना’ के तहत स्थापित किए गए सामूहिक सोलर पावर प्लांट का जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने निरीक्षण किया। अपने जिला पंचायत क्षेत्र के ग्राम ठेनही पहुंचे अरुण सार्वा ने सोलर प्लांट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ग्रामीणों से चर्चा कर योजना की प्रगति की जानकारी ली।
गौरतलब है कि ग्राम ठेनही जिले का पहला गांव बन गया है, जहां सामूहिक रूप से सोलर पावर प्लांट स्थापित किया गया है। इस पहल से गांव के 71 परिवारों को स्वच्छ, सस्ती और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। योजना के तहत प्रत्येक परिवार के लिए 2-2 किलोवॉट क्षमता के सोलर कनेक्शन का पंजीयन किया गया है। इस प्रकार कुल 142 किलोवॉट क्षमता का सामूहिक सोलर प्लांट स्थापित किया गया है।
सोलर प्लांट के लिए गांव से लगभग 50 से 75 मीटर की दूरी पर जमीन उपलब्ध कराई गई है। प्लांट स्थापना का कार्य पूरा हो चुका है और अब घरों में कनेक्शन देने का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि ठेनही गांव अब विकास की नई रोशनी की ओर बढ़ रहा है। सामूहिक सोलर पावर प्लांट से ग्रामीणों को बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता मिलेगी और आने वाले समय में गांव स्वच्छ ऊर्जा के मॉडल के रूप में विकसित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा आत्मनिर्भरता के साथ-साथ आर्थिक राहत देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
निरीक्षण के दौरान जनपद सदस्य श्रीधन सोम, उप सरपंच रूपेश्वर नाग, शिव कुमार सोनवानी, रवि भट्ट, हनी कश्यप सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





