
कटनी, रीठी।। GANESH UPADHYAY VANDE BHARAT LIVE TV NEWS KATNI MP. 
आदिशक्ति मां भगवती के नौ दिवसीय महापर्व शारदेय नवरात्र की चहुंओर धूम मची हुई है, समूचा रीठी नगर आदिशक्ति की भक्ति में डूबा हुआ है। जगह-जगह पंडालों में विराजीं मातारानी के दरबार में धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। तो वहीं कन्या पूजन कर विशाल भंडारे का आयोजन भी शुरू हो गया है। सोमवार को महाअष्टमी के मौके पर श्रद्धालुओं ने मातारानी को अठवाई अर्पित कर कल्याण की कामना की। 
नगर के रेलवे स्टेशन गली साहू मोहल्ला में स्थित बड़े दिवाले में परंपरानुसार इस वर्ष भी बड़ी संख्या में मातारानी के जवारे कलश बोए गए हैं। जिनका 1 अक्टूबर बुधवार को दसवीं तिथी के पावन अवसर पर भव्य शोभायात्रा के साथ विसर्जन किया जाएगा। बताया गया कि शाम सात बजे बड़े दिवाले से जवारा विसर्जन जुलूस प्रारंभ होगा। जो नगर के खेर माता मंदिर पहुंचेगा। इसके बाद शोभायात्रा मुख्य मार्ग से होते हुए न्यू कालोनी से सिंघैया मोहल्ला पहुंचेगी। जहां तालाब में आस्था के प्रतीक जवारा कलशों का विसर्जन किया जाएगा।
दशहरा चल समारोह 2 अक्टूबर को
रीठी मुख्यालय में दशहरा चल समारोह गुरुवार 2 अक्टूबर को मनाया जाएगा। बताया गया कि नगर में जगह-जगह पंडालों में विराजीं मातारानी का चल समारोह शाम पांच बजे पोस्ट आफिस तिराहे से प्रारंभ होगा। पोस्ट आफिस तिराहे में सभी प्रतिमाएं एकत्रित होकर क्रमबद्ध तरीके से चल समारोह जुलूस में शामिल होंगी। बताया गया कि वर्षों पुरानी परंपरानुसार सभी प्रतिमाएं जब पोस्ट आफिस तिराहे पर अपने-अपने नंबर पर लग जाएंगी। इसके बाद चल समारोह जुलूस प्रारंभ होगा। जो नगर के प्रमुख मार्ग से होते हुए खेत माता मंदिर पहुंचेगा। इसके बाद बाईपास मार्ग से देवलिया जलाशय डेम पहुंचेगा। जहां सभी प्रतिमाएं विसर्जित की जाएंगी। नगर के विपिन तिवारी, बिंजन श्रीवास, ऋषभ पाल, मुकेश कंदेले, कमलेश नामदेव, राशू कंदेले, नरेश साहू, संस्कार मांझी, कन्हैया रैकवार, योगेश साहू सहित अन्य जनों ने जवारा विसर्जन जुलूस मार्ग व दशहरा चल समारोह जुलूस मार्ग सहित विसर्जन घाटों की साफ-सफाई व प्रकाश व्यवस्था की मांग की है।





