
विंढमगंज सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)
विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली फुलवार गांव के बीच बहने वाली मलिया नदी के पावन तट पर बुधवार की सुबह श्रद्धा और आस्था के वातावरण में भगवान भुवन भाष्कर की प्रतिमा का वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत विसर्जन किया गया। प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवाओं और श्रद्धालुओं में अपार उत्साह और उमंग देखने को मिला।
फुलवार महुली के ऐतिहासिक छठ घाट पर छठ महापर्व के अवसर पर स्थापित भगवान सूर्य की प्रतिमा को बगल में प्रवाहित मलिया नदी में विसर्जन के लिए ले जाया गया। पूरे मार्ग में “जय सूर्य भगवान” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।
विसर्जन से पहले वैदिक पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण कर भगवान भुवन भाष्कर की प्रतिमा का पूजन-अर्चन किया गया। तत्पश्चात श्रद्धालुओं ने परंपरा अनुसार प्रतिमा को जल में विसर्जित किया। ग्रामीणों ने बताया कि यह दूसरा वर्ष है जब फुलवार गांव में भगवान सूर्य की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई।
उत्साहित युवाओं ने श्रद्धापूर्वक प्रतिमाओं को मलिया नदी घाट तक पहुंचाया और सामूहिक रूप से विसर्जन संपन्न कराया।
इस अवसर पर पप्पू यादव, मंटी श्रीवास्तव, नितेश कुमार कन्नौजिया, दीपक कुशवाहा, लवकुश यादव, सूरजदेव यादव, रितेश कुमार, शिवम् श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।




