
दरभंगा, 31 दिसम्बर 2025।
दरभंगा जिले में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित अहिल्या गौतम महोत्सव–2025 के अवसर पर स्मारिका प्रकाशन की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस क्रम में स्मारिका के लिए विभिन्न विषयों पर आलेख आमंत्रित किए गए हैं। प्रभारी पदाधिकारी, जिला सामान्य शाखा निशांत कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष 14वाँ तीन दिवसीय अहिल्या गौतम महोत्सव का आयोजन आगामी 09 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2026 तक दरभंगा जिले के जाले प्रखंड अंतर्गत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अहिल्या गौतम महोत्सव सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक परंपराओं को समर्पित एक महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में विद्वान, साहित्यकार, कलाकार, शोधार्थी एवं आमजन भाग लेते हैं। महोत्सव के दौरान क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को मंच प्रदान किया जाता है।
प्रभारी पदाधिकारी ने बताया कि महोत्सव के अवसर पर प्रकाशित होने वाली स्मारिका के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक चेतना, साहित्य, इतिहास एवं समसामयिक विषयों पर आधारित उत्कृष्ट रचनाओं का संकलन किया जाएगा। इसके लिए जिले के आमजन, साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों, शिक्षकों, शोधार्थियों एवं रचनाकारों से आलेख आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक लेखक अपने आलेख सॉफ्ट कॉपी एवं हार्ड कॉपी दोनों माध्यमों में जमा कर सकते हैं। सॉफ्ट कॉपी ई-मेल के माध्यम से englishoffice56@gmail.com पर भेजी जा सकती है, जबकि हार्ड कॉपी जिला सामान्य शाखा, दरभंगा में जमा की जाएगी। आलेख जमा करने की अंतिम तिथि 03 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है।





















