दरभंगा, 26 दिसंबर 2025।
दरभंगा जिला के 152वें स्थापना दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों और पदाधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला स्थापना दिवस समारोह 31 दिसंबर 2025 और 1 जनवरी 2026 को उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। इसके तहत 31 दिसंबर को अपराह्न 3:30 बजे से 6:30 बजे तक ऑडिटोरियम, लहेरियासराय में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों और विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा सुगम संगीत, नृत्य, शास्त्रीय वादन सहित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए ऑडिटोरियम में ऑडिशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें चयनित कलाकारों को ही मुख्य मंच पर प्रस्तुति का अवसर मिलेगा।
इसके अतिरिक्त 31 दिसंबर को प्रातः 9:00 बजे से नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में वॉलीबॉल, बैडमिंटन, 1600 मीटर दौड़, जैवलिन थ्रो सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। स्थापना दिवस के अवसर पर 31 दिसंबर और 1 जनवरी को समाहरणालय परिसर के सभी भवनों को आकर्षक डेकोरेशन और ब्लू लाइट से सजाया जाएगा। वहीं 1 जनवरी 2026 को संध्या 5:00 बजे समाहरणालय परिसर में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित होगा, जो समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
जिलाधिकारी के निर्देश पर विभिन्न विभागों—बाल विकास परियोजना, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, मत्स्य, ग्रामीण विकास, पीएचईडी, कला संस्कृति एवं युवा विभाग, जीविका, आपदा प्रबंधन और अल्पसंख्यक कल्याण सहित अन्य विभागों द्वारा ऑडिटोरियम परिसर में स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं और उपलब्धियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। साथ ही जिले के सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाने, श्रमदान करने और कार्यालय परिसरों को सजाने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर जिले के इतिहास, विकास और उपलब्धियों को समाहित करते हुए एक स्मारिका का भी प्रकाशन किया जाएगा। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कृष्णानंद सदा, उप निदेशक जन संपर्क श्री सत्येंद्र प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री विकास कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री चंदन कुमार, जिला खेल पदाधिकारी श्री परिमल सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




