A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेशताज़ा खबरदेश

सहारनपुर में अतिक्रमण पर बड़ा प्रहार: अंसारी रोड पर नगर निगम की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 50 दुकानों से हटाया कब्जा, फुटपाथ पर बनी पक्की दीवार तोड़ी

जुर्माने के साथ सख्त चेतावनी

🟥🚨 सहारनपुर में अतिक्रमण पर बड़ा प्रहार: अंसारी रोड पर नगर निगम की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 50 दुकानों से हटाया कब्जा, फुटपाथ पर बनी पक्की दीवार तोड़ी — जुर्माने के साथ सख्त चेतावनी 🚨🟥

सहारनपुर: शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने आज अंसारी रोड पर बड़ा और सख्त अभियान चलाया। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर सुबह-सुबह अतिक्रमण हटाओ दस्ता पुल जोगियान से जामा मस्जिद तक पहुंचा, जहां सड़क और फुटपाथ पर फैले सामान को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। नगर निगम की टीम को मौके पर देखकर दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग आनन-फानन में अपना सामान समेटने लगे।

अभियान के दौरान करीब 50 दुकानों से अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया। दुकानदारों द्वारा सड़क और फुटपाथ पर फैला कर रखा गया सामान हटवाया गया और स्पष्ट निर्देश दिए गए कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सामान जब्त कर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि आमजन की आवाजाही में बाधा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान एक प्रचून दुकानदार द्वारा फुटपाथ पर बनाई गई पक्की दीवार भी तोड़ी गई। बताया गया कि उक्त दीवार इस उद्देश्य से बनाई गई थी कि उसकी आड़ में दुकान का सामान बाहर तक फैलाकर रखा जा सके और सार्वजनिक स्थान पर कब्जा किया जा सके। प्रवर्तन दल ने मौके पर ही दीवार को ध्वस्त कर फुटपाथ को मुक्त कराया। यह कार्रवाई अन्य दुकानदारों के लिए भी सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है।

कुछ दुकानदारों का सामान जब्त किया गया, हालांकि भविष्य में अतिक्रमण न करने के लिखित आश्वासन और जुर्माना जमा करने के बाद सामान वापस कर दिया गया। चार दुकानदारों से दो-दो हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। नगर निगम प्रशासन ने दो टूक कहा कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

अभियान के दौरान प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच.बी. गुरुंग, हरिप्रकाश कसाना सहित प्रवर्तन दल के सभी जवान मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और आम नागरिकों को सुगम मार्ग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है।

रिपोर्ट: एलिक सिंह
संपादक – समृद्ध भारत समाचार पत्र
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़, सहारनपुर

📞 खबर, विज्ञापन और सूचना हेतु संपर्क: 8217554083

Back to top button
error: Content is protected !!