
निवाड़ी। निवाड़ी जिले में मादक एवं नशीले पदार्थों के अवैध उत्पादन और विक्रय पर रोक लगाने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में स्वापक समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्रीमती जमुना भिड़े ने की, जबकि डॉ. राय सिंह नरवरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने निर्देश दिए कि जिले में चिन्हित स्थानों पर नियमित छापामार कार्रवाई की जाए, ताकि नशीले पदार्थों के अवैध उत्पादन एवं विक्रय पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण कर नशीली दवाओं की अवैध बिक्री को प्रतिबंधित करने के भी निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. नरवरिया ने स्पष्ट किया कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर पूर्णतः रोक लगाई जाएगी और इस कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।
समीक्षा बैठक में न्याय प्रणाली में तेजी लाने, शासकीय मामलों में शासन का पक्ष मजबूत रखने तथा कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई। एसपी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक माह की 5 तारीख तक पिछले माह के सिविल एवं क्रिमिनल मामलों से संबंधित सभी निर्णयों और आदेशों की जानकारी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए। साथ ही शासन के विरुद्ध पारित किसी भी आदेश की समय सीमा के भीतर अपील या पुनरीक्षण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में स्वापक समिति के सदस्य, शासकीय अभिभाषक तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








