
वणी (महाराष्ट्र): दहेज की वेदी पर एक और नवविवाहिता को चढ़ाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वणी पुलिस ने एक विवाहिता की शिकायत पर उसके पति, सासू मां और ननद के खिलाफ मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि मायके से 5 लाख रुपये दहेज लाने की मांग को लेकर उसे बेरहमी से पीटा गया, गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीएचडी छात्रा से इंजीनियर ने रचाई थी शादी
शिकायत के अनुसार, वणी की रहने वाली 27 वर्षीय माहिरा (बदला हुआ नाम) पीएचडी की पढ़ाई कर रही हैं। करीब छह महीने पहले उनका निकाह मुस्लिम रीति-रिवाजों के अनुसार वाशिम जिले के कारंजा लाड निवासी एक युवक से हुआ था। आरोपी पति पेशे से इंजीनियर है और बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में कार्यरत है। निकाह के समय लड़की के परिवार की ओर से 1.50 लाख रुपये नकद और घरेलू सामान उपहार स्वरूप दिया गया था।
घर में कैद रखने और पहनावें पर टोकने का आरोप
निकाह के बाद जब माहिरा ससुराल पहुंची, तो वह संयुक्त परिवार में रहने लगी। आरोप है कि ससुराल वाले उसे घर से बाहर नहीं निकलने देते थे। ‘दूसरे धर्म के लोगों को मत दिखो’ जैसी पाबंदियां लगाने के साथ-साथ उसके कपड़ों और पहनावे को लेकर भी लगातार प्रताड़ित किया जाता था। इसके बाद पति, सास और ननद ने मिलकर माहिरा को और ज्यादा परेशान करना शुरू कर दिया।
गर्भपात के बाद भी नहीं पसीजा दिल, घर से निकाला
माहिरा ने अपनी शिकायत में एक बेहद दर्दनाक आरोप लगाया है। उसने बताया कि जब वह गर्भवती थी, तब घर की सीढ़ियों से गिरने के कारण उसका गर्भपात (Miscarriage) हो गया था। इस हादसे के बाद भी ससुराल वालों का दिल नहीं पसीजा और उनका जुल्म जारी रहा। परेशान होकर पीड़िता ने अपने पिता को आपबीती सुनाई। दो महीने पहले जब उसके पिता ने ससुराल जाकर समझाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने साफ कह दिया, “5 लाख रुपये लाओ, वरना लड़की को जान से मार देंगे।” दहेज की मांग पूरी न होने पर आखिरकार ससुराल वालों ने माहिरा को घर से निकाल दिया, जिसके बाद से वह अपने मायके वणी में रह रही है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने वणी पुलिस थाने की शरण ली। माहिरा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति, सास और ननद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच पुलिस सिपाही विशाल राठौड़ कर रहे हैं।









