
जिला शक्ति
मालखरौदा, 07 अगस्त 2026। जनपद पंचायत मालखरौदा में आज सामान्य सभा की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में क्षेत्र के विकास, जनहित एवं आगामी स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों सहित विभिन्न विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में प्रमुख रूप से 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी शासकीय कार्यालयों में अनिवार्य रूप से ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वतंत्रता दिवस से पूर्व सभी शासकीय भवनों की छतों एवं परिसरों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।



बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों को देखते हुए पीएचई एवं स्वास्थ्य विभाग को डेंगू, मलेरिया, उल्टी-दस्त सहित अन्य मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए पूर्व से आवश्यक तैयारियां रखने तथा पर्याप्त मात्रा में दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार विकासखंड शिक्षा अधिकारी को विकासखंड के सभी हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुसार RO लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही 15 अगस्त के ध्वजारोहण कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जनपद पंचायत के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद सभापति, जनपद सदस्यगण एवं मनोनीत सरपंचगण विशेष रूप से उपस्थित रहे। सामान्य सभा में लिए गए निर्णयों का उद्देश्य क्षेत्र में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना है।

