सिद्धार्थनगर में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस,
डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने कलेक्ट्रेट में फहराया तिरंगा
डीएम ने वीर शहीदों को किया नमन, कहा-हर व्यक्ति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करे, तभी बनेगा विकसित भारत।



सिद्धार्थनगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह परंपरागत और सादगीपूर्ण तरीके से सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सुबह 8 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन किया।
ध्वजारोहण के दौरान जिलाधिकारी की धर्मपत्नी डॉ. तनुश्रा टीआर, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गौरव श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक ज्ञान प्रकाश समेत कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। रघुवर प्रसाद सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। जिलाधिकारी ने बच्चों को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के ज्ञात-अज्ञात वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हमें हमेशा याद रखना चाहिए कि देश को आजादी कैसे मिली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें और अपनी समस्या लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सहायता करते हुए उसकी समस्या का समाधान कराएं।
डीएम ने कहा कि आजादी के बाद भारत ने लंबी विकास यात्रा तय
उन्होंने नई पीढ़ी और बच्चों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की जानकारी देने पर भी जोर दिया। साथ ही कहा कि देश के सामने आने वाली हर चुनौती का सामना सभी को मिलकर करना होगा।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गौरव श्रीवास्तव और अपर जिलाधिकारी न्यायिक ज्ञान प्रकाश ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और जिले के विकास में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता सत्यदेव सिंह, जय शंकर प्रसाद मिश्र और राणा प्रताप सिंह ने भी अपने विचार रखे। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रेमसागर चौधरी ने किया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, जनपद न्यायालय में जनपद न्यायाधीश, पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में कुलपति, स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में सीएमओ और जिला संयुक्त चिकित्सालय में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक समेत विभिन्न विभागों में संबंधित अधिकारियों ने ध्वजारोहण किया।
इसके अलावा जिला कारागार, वन विभाग, विद्यालयों, विकासखंडों, तहसीलों, नगर पालिका और नगर पंचायतों सहित जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में भी तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।






